महिला विवि का चौथा दीक्षांत समारोह 26 अक्टूबर को, कुलपति प्रो. सुदेश ने लिया तैयारियों का जायजा

महिला विवि का चौथा दीक्षांत समारोह 26 अक्टूबर को, कुलपति प्रो. सुदेश ने लिया तैयारियों का जायजा

रोहतक/गोहाना, गिरीश सैनी। बीपीएसएमवी, खानपुर कलां का चौथा दीक्षांत समारोह 26 अक्टूबर को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होगा। हालांकि, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रशासनिक व्यस्तताओं के चलते समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे।

राज्यपाल एवं कुलाधिपति प्रो असीम कुमार घोष बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। शिक्षा मंत्री महिपाल  ढांडा तथा सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

कुलपति प्रो. सुदेश ने समारोह स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए। कुलपति ने मुख्य मंच, अतिथियों के बैठने, छात्राओं की सुविधाओं सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों और मेहनत को सम्मानित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसके आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।