दो माह का लंबित वेतन मिलने और सीएम से समाधान के आश्वासन के बाद महिला विवि के कर्मचारियों का धरना समाप्त

दो माह का लंबित वेतन मिलने और सीएम से समाधान के आश्वासन के बाद महिला विवि के कर्मचारियों का धरना समाप्त

रोहतक, गिरीश सैनी। चार माह से लंबित वेतन के भुगतान की मांग को लेकर गत 7 नवंबर से प्रतिदिन अपराह्न 3 से 4 बजे तक भगत फूल सिंह महिला विवि, खानपुर कलां के मुख्य द्वार पर सांकेतिक धरना दे रहे कर्मचारियों ने 2 माह के वेतन के भुगतान के उपरांत धरना समाप्त कर दिया है।

ध्यान रहे कि मंगलवार को भगत फूल सिंह महिला विवि कर्मचारी संघर्ष समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलकर अपनी वेतन संबंधी अनियमितताओं के स्थायी समाधान के लिए गुहार लगाई थी। मुख्यमंत्री ने इसका संज्ञान लेते हुए उच्चाधिकारियों को इसके समाधान के आदेश दिए और कर्मचारी प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि भविष्य में उन्हें वेतन संबंधी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

कर्मचारी संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि लंबित 4 महीने में से 2 महीने का वेतन अधिकतर कर्मचारियों को मिल गया है, हालांकि अभी सितंबर व अक्टूबर-2025 का वेतन मिलना बाकी है। कर्मचारी संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया और तुरंत प्रभाव से सांकेतिक धरने को समाप्त करने की घोषणा की।