विशेष बच्चों को सम्मान और सुरक्षा देना सामूहिक जिम्मेदारीः सीजेएम तरन्नुम खान

अर्पण संस्थान, बाल भवन और सेफ हाउस का किया औचक निरीक्षण

विशेष बच्चों को सम्मान और सुरक्षा देना सामूहिक जिम्मेदारीः सीजेएम तरन्नुम खान

रोहतक, गिरीश सैनी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने मंगलवार को गांधीनगर स्थित विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के संस्थान अर्पण का निरीक्षण किया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में किए गए इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों के रहन-सहन, देखभाल, शिक्षा और उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

सीजेएम डॉ. खान ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को सम्मान, समान अवसर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनके अधिकारों की रक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

उन्होंने बाल भवन और सेफ हाउस का भी औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संस्थानों में बच्चों के कल्याण और संरक्षण से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की। इन निरीक्षणों का उद्देश्य कमजोर वर्गों, विशेषकर बच्चों के अधिकारों की रक्षा, निःशुल्क कानूनी सहायता के प्रति जागरूकता और संस्थानों में बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करना है। इस दौरान अर्पण संस्थान की प्राचार्या और शिक्षक मौजूद रहे।