महिला दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मिलेंगे राज्य स्तरीय पुरस्कार

5 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित, 5 लाख रुपये तक की मिलेगी पुरस्कार राशि

महिला दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मिलेंगे राज्य स्तरीय पुरस्कार

रोहतक, गिरीश सैनी। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) पर राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने 5 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी ने बताया कि श्रीमती सुषमा स्वराज पुरस्कार के तहत 5 लाख रुपये, इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के तहत डेढ़ लाख रुपये तथा कल्पना चावला शौर्य और बहन शन्नो देवी पंचायत राज पुरस्कार के तहत एक-एक लाख रुपये दिए जाएंगे। लाइफ टाइम अचीवर्स अवार्ड में 51 हजार रुपये मिलेंगे।

इसके अलावा सरकारी महिला कर्मचारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए चार-चार तथा महिला उद्यमियों के लिए दो पुरस्कार निर्धारित हैं। प्रत्येक विजेता को 21 हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। आवेदन केवल विभाग की वेबसाइट पर स्वीकार होंगे। डाक, कूरियर या ऑफलाइन आवेदन मान्य नहीं होंगे।