कर्मचारियों के समर्पण से ही आगे बढ़ता है संस्थानः कुलपति डॉ. अग्रवाल

यूएचएसआर में एक चिकित्सक व पांच कर्मचारियों को भावभीनी विदाई, सेवाओं को सराहा

कर्मचारियों के समर्पण से ही आगे बढ़ता है संस्थानः कुलपति डॉ. अग्रवाल

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि (यूएचएसआर) में शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो रहे एक चिकित्सक और पांच कर्मचारियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि किसी भी संस्थान की प्रगति उसके कर्मचारियों के समर्पण और मेहनत पर निर्भर करती है। सभी ने सौंपी गई जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों से दूसरी पारी में समाज सेवा से जुड़ने का आह्वान किया।

सेवानिवृत्त होने वालों में डॉ. शशि बाला, पीआरओ सीमा दहिया, एसएनओ सुशीला व बिमला, एमपीएचएस शकुंतला देवी और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रमेश शामिल रहे।

कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने कहा कि संस्थान के दरवाजे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए हमेशा खुले रहेंगे। डीन डॉ. अशोक चौहान ने कहा कि संस्थान की पहचान उसके कर्मचारियों से बनती है। डॉ. शशि बाला ने यहां बिताए 45 वर्षों को जीवन का अनमोल हिस्सा बताया। समारोह में सभी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया और स्वस्थ भविष्य की कामना की गई।