डीओए की एग्जीक्यूटिव कमेटी में डॉ. मोहित दुआ ने 840 मतों से हासिल की जीत
पीजीआईएमएस रोहतक के इतिहास में पहली बार किसी चिकित्सक को मिला प्रतिनिधित्व
रोहतक, गिरीश सैनी। पीजीआईएमएस, रोहतक के डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट एवं ऑर्थोपेडिक्स विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मोहित दुआ दिल्ली ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन (डीओए) की एग्जीक्यूटिव कमेटी के सदस्य निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने चुनाव में सभी श्रेणियों में सर्वाधिक 840 वोट हासिल किए। पीजीआईएमएस, रोहतक के इतिहास में यह पहला मौका है, जब संस्थान के किसी चिकित्सक को डीओए की एग्जीक्यूटिव कमेटी में प्रतिनिधित्व मिला है।
डीओए दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के 2500 से अधिक वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक सर्जनों का प्रतिष्ठित संगठन है। कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल और कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने इस उपलब्धि पर डॉ. दुआ को बधाई देते हुए इसे विवि के लिए गौरवपूर्ण क्षण और युवा चिकित्सकों के लिए प्रेरणादायक बताया।

Girish Saini

