संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर अस्थिरता फैलाना चाहता है विपक्षः डॉ अर्चना गुप्ता
1 नवंबर को रोहतक में पदयात्रा में शामिल होंगे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, 5 नवंबर को गृह मंत्री शाह का करनाल दौरा
रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन पर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग, सुप्रीम कोर्ट और सेना पर सवाल उठाकर विपक्ष देश में अराजकता और अस्थिरता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है। शुक्रवार को भाजपा कार्यालय मंगल-कमल में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि चुनाव हारने पर ईवीएम और एसआईआर पर सवाल उठाना विपक्ष की दोहरी सोच दर्शाता है।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत 1 नवंबर को हरियाणा दिवस पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन रोहतक में पदयात्रा करेंगे। यात्रा जाट शैक्षणिक संस्था से शुरू होकर डी-पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर संपन्न होगी। इसमें प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी डॉ. भोला सिंह भी शामिल होंगे। इस यात्रा में रोहतक, भिवानी, हिसार, जींद, रेवाड़ी, सोनीपत, झज्जर सहित 12 जिलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल होंगे।
इसी दिन पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान फरीदाबाद में पदयात्रा करेंगे, जबकि 5 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करनाल में पदयात्रा और अंबाला में 1857 की क्रांति के अनगिनत गुमनाम नायकों के बलिदान और संघर्ष को समर्पित शहीदी स्मारक का लोकार्पण करेंगे।
उन्होंने बताया कि दीपावली के बाद 9 नवंबर से प्रदेशभर में पदयात्राओं का सिलसिला फिर शुरू होगा। विधानसभा स्तर पर बुद्धिजीवियों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
हरियाणा दिवस पर किसी नई घोषणा से जुड़े सवाल पर डॉ. गुप्ता ने कहा कि यह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विषय है। मुख्यमंत्री गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। प्रदेश में विदेशी निवेश बढ़ाने, नए उद्योग स्थापित करने और लाडो लक्ष्मी योजना के माध्यम से महिलाओं को लाभ पहुंचाने सहित अनेक क्षेत्रों में सरकार लगातार कार्य कर रही है।

Girish Saini

