खेल, समाज सेवा और शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं ग्रेट वीमेन अचीवर्स अवार्ड से सम्मानित

समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका निरंतर सशक्त हो रहीः कुलपति डॉ. संजय कौशिक

खेल, समाज सेवा और शिक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं ग्रेट वीमेन अचीवर्स अवार्ड से सम्मानित

गुरूग्राम, गिरीश सैनी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में गुरुग्राम विवि के छात्र कल्याण विभाग द्वारा आयोजित नारी सम्मान दिवस कार्यक्रम में खेल, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति डॉ. संजय कौशिक ने की। बतौर मुख्य अतिथि, डॉ शोभा विजेंदर (संस्थापक व अध्यक्ष, संपूर्णा एनजीओ) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय पैरा शूटर माधवी हंस ने शिरकत की। विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में डॉ. कुसुम मलिक (संस्थापक, ज़ीरो ड्रॉपआउट मिशन) तथा कॉमनवेल्थ जूडो चैंपियन सुचिका हुड्डा मौजूद रही। 

प्रारंभ में कार्यक्रम संयोजिका डॉ. अमरजीत कौर ने स्वागत संबोधन किया। अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए माधवी हंस, डॉ. शोभा विजेंदर, डॉ. कुसुम मलिक और सुचिका हुड्डा को ग्रेट वीमेन अचीवर्स अवार्ड से सम्मानित किया गया और उनके प्रेरणादायक कार्यों व उपलब्धियों को सराहा गया।

कुलपति डॉ. संजय कौशिक ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका निरंतर सशक्त हो रही है। महिलाएं शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं और समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं।

मुख्य अतिथि डॉ. शोभा विजेंदर ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक विचार नहीं बल्कि समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने युवाओं को महिलाओं के सम्मान और समान अवसरों के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया। राष्ट्रीय पैरा शूटर माधवी हंस ने अपने व्यक्तिगत जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियां हमें कमजोर नहीं बल्कि और अधिक मजबूत बनाती हैं। कार्यक्रम में मौजूद शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य जन ने महिला सशक्तिकरण के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।