रामराज्याभिषेक के साथ रामलीला महोत्सव संपन्न, जय श्रीराम से गूंजा पंडाल
रोहतक, गिरीश सैनी। पुरानी आईटीआई मैदान में रामलीला उत्सव कमेटी द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव एवं दशहरा मेले का बुधवार को भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक और लव-कुश लीला के भावपूर्ण मंचन के साथ समापन हुआ। श्रीराम के अयोध्या के सिंहासन पर विराजमान होते ही पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान घी के दीपक जलाकर दीपोत्सव मनाने का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की मनोहारी झांकी प्रस्तुत की गई। लव-कुश लीला के दौरान कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय और संवादों से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। राज्याभिषेक के बाद संगीतमय महाआरती हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
महामंडलेश्वर बाबा कालिदास महाराज के सानिध्य में कमेटी के मुख्य संरक्षक राजेश जैन सहित अन्य अतिथियों ने भगवान श्रीराम का अभिषेक किया। कमेटी ने अतिथियों और कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

Girish Saini

