मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिलकर वेतन के नियमित भुगतान की गुहार लगाई महिला विवि कर्मियों ने
सीएम ने स्थायी समाधान का आश्वासन दिया।
चंडीगढ़, गिरीश सैनी। भगत फूल सिंह महिला विवि कर्मचारी संघर्ष समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को अपनी वेतन संबंधी अनियमितताओं को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने इस समस्या के स्थायी समाधान की गुहार करते हुए मुख्समंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इस प्रतिनिधिमंडल में प्रो. अशोक वर्मा, प्रो. इप्शिता बंसल, डॉ. राजेश हुड्डा, डॉ. सुमन, डॉ. ईशानी पठारिया, डॉ. पंकज मिश्रा व डॉ विजय कुमार शामिल रहे।
बकाया वेतन नहीं मिलने और आगामी महीनों के वेतन को लेकर बजट संबंधी आशंकाओं के बीच विवि प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से विवि को विशेष ग्रांट जारी करने की मांग की। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की समस्या का संज्ञान लेते हुए संबंधित उच्च अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सीएम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि भविष्य में उन्हें इस प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कर्मचारियों को पूरी निष्ठा व लगन से विवि की उन्नति के लिए कार्य करने की बात कही।
कर्मचारी संघर्ष समिति की सचिव डॉ. सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात पूरी तरह सफल रही। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि सरकार द्वारा जल्द ही उनकी समस्या का स्थायी समाधान निकाला जायेगा।
Girish Saini 

