महिलाएं अपने स्वास्थ्य को दें प्राथमिकताः डॉ. गुंजन मलिक मनोचा
एनीमिया से मानसिक स्वास्थ्य तक, सुपवा में छात्राओं को किया जागरूक।
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में वूमेन सेल द्वारा स्वस्थ नारी, स्वस्थ समाज विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। प्लानिंग एवं आर्किटेक्चर फैकल्टी के सेमिनार हॉल में हुई इस कार्यशाला में छात्राओं और महिला स्टाफ को शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। बतौर विशेषज्ञ, डॉ. संजीव मदान और महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. शीनी शर्मा ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा की।
कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा ने विशेषज्ञों का स्वागत करते हुए कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूकता और समय पर स्वास्थ्य जांच से कई बीमारियों की पहचान शुरुआती स्तर पर की जा सकती है। उन्होंने छात्राओं और महिला कर्मियों से विशेषज्ञों की सलाह को अपनी दिनचर्या में अपनाने का आह्वान किया।
डॉ. संजीव मदान ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य का असर परिवार और समाज पर पड़ता है। उन्होंने संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हुए आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया से बचाव के लिए पौष्टिक आहार लेने पर जोर दिया।
डॉ. शीनी शर्मा ने कहा कि शरीर में किसी भी असामान्य बदलाव को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। गर्भावस्था में नियमित जांच और चिकित्सकीय परामर्श जरूरी है। उन्होंने तनाव, चिंता और लगातार थकान जैसे मानसिक स्वास्थ्य संबंधी संकेतों को भी गंभीरता से लेने की सलाह दी।
विशेषज्ञों ने उम्र और आवश्यकता के अनुसार नियमित स्वास्थ्य जांच कराने पर जोर दिया। कार्यशाला के दौरान छात्राओं और महिला कर्मियों ने स्वास्थ्य संबंधी सवाल भी पूछे।

Girish Saini 

