चालक व आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेने की इच्छुक महिलाएं 28 अक्टूबर तक करें आवेदनः डीसी सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि हरियाणा महिला विकास निगम द्वारा गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाली 18 से 45 वर्ष की स्थायी निवासी लड़कियों व महिलाओं के लिए बहादुरगढ़ तथा रोहतक में स्थित मारुति सुजुकी ट्रेनिंग सेंटर में 21 दिन का चालक प्रशिक्षण और आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इच्छुक लड़कियां व महिलाएं 28 अक्टूबर 2025 तक आवेदन कर सकती है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाली महिलाओं व लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस कार्यक्रम के तहत पात्र परिवारों की महिलाओं को चालक व आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षणार्थी को 1000 रुपये का वजीफा भी दिया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि प्रशिक्षण लेने की इच्छुक महिलाएं 28 अक्टूबर तक ऑनलाइन व ऑफलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन का प्रोफार्मा हरियाणा महिला विकास निगम के कार्यालय में उपलब्ध है। उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा महिला विकास निगम, पंचकूला द्वारा केवल गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) या जिस परिवार की आय परिवार पहचान पत्र में एक लाख 80 रुपए से कम है उन परिवारों की लड़कियों व महिलाओं के लिए ही ये चालक तथा आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किये गए हैं। अधिक जानकारी के लिए हरियाणा महिला विकास निगम की जिला प्रबंधक के स्थानीय कार्यालय जिला विकास भवन स्थित कमरा संख्या 224-225 तथा कार्यालय के दूरभाष संख्या 01262-250164 पर संपर्क कर सकते है।