पंजाब में फिर साथ आए भाजपा-अकाली दल, क्या गठबंधन से बदलेगा सियासी गणित?

गृह मंत्री अमित शाह के बयान से सुखबीर बादल की मुख्यमंत्री दावेदारी के संकेत, किसान संगठनों का समर्थन और वोटों का गणित गठबंधन के लिए अहम

पंजाब में फिर साथ आए भाजपा-अकाली दल, क्या गठबंधन से बदलेगा सियासी गणित?

रोहतक (हरियाणा) से गिरीश सैनी की एक विशेष रिपोर्ट

पंजाब की राजनीति में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के फिर से गठबंधन ने नए सियासी समीकरणों की चर्चा तेज कर दी है। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गठबंधन का संकेत देते हुए अकाली दल को बड़ा भाई बताया और स्पष्ट किया कि गठबंधन की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री भी बड़े भाई की पार्टी से ही होगा। शाह ने भले ही सुखबीर सिंह बादल का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को सुखबीर बादल की मुख्यमंत्री पद की दावेदारी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

करीब ढाई दशक तक साथ रहे दोनों दलों के लिए यह गठबंधन राजनीतिक जरूरत भी है। पंजाब में अकाली दल अपने पुराने जनाधार को फिर मजबूत करने की कोशिश में है, वहीं भाजपा ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाना चाहती है। किसान संगठनों का अकाली दल को समर्थन भी इस गठबंधन के संदर्भ में अहम माना जा रहा है। भारतीय किसान यूनियन (लक्खोवाल) और कादियां किसान संगठन ने अकाली दल के समर्थन का ऐलान किया है। यदि इस समर्थन का लाभ गठबंधन के भाजपा उम्मीदवारों को भी मिलता है, तो ग्रामीण क्षेत्रों में इसका असर देखने को मिल सकता है।

2024 के लोकसभा चुनाव में लुधियाना सीट इसका एक उदाहरण रही। यहां भाजपा के रवनीत सिंह बिट्टू कांग्रेस के अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से 20,942 वोटों से हार गए थे, जबकि अकाली दल के उम्मीदवार रणजीत सिंह ढिल्लों को इसी सीट पर 90,220 वोट मिले थे। अलग-अलग चुनाव लड़ने की स्थिति में बंटने वाले वोट गठबंधन के साथ एकजुट हो सकते हैं।

बॉक्स-

उधर, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पंजाब में लगातार यात्राएं भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हैं। वे विभिन्न कार्यक्रमों और जनसभाओं के माध्यम से पंजाब में पार्टी की गतिविधियों को गति दे रहे हैं। हरियाणा से सटे पंजाब के क्षेत्रों में उनकी सक्रियता को भाजपा के चुनावी संपर्क अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।

आंकड़ों के मुताबिक, सैनी पिछले 11 महीनों में करीब 100 बार पंजाब का दौरा कर चुके हैं। धार्मिक स्थलों पर माथा टेकने, सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत करने से लेकर राजनीतिक रैलियों और पार्टी में नए नेताओं की एंट्री तक, सैनी के इन दौरों के जरिए भाजपा जहां अपना जनाधार मजबूत करने और ओबीसी, दलित व शहरी मतदाताओं तक पहुंच बनाने में जुटी है, वहीं सैनी हरियाणा के विकास मॉडल को पंजाब में पेश कर रहे हैं। हालांकि, राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि पंजाब की राजनीति में केवल प्रतीकात्मक राजनीति और जातीय समीकरणों के सहारे जनसमर्थन हासिल करना आसान नहीं होगा।

आठ दिसंबर को मोगा में प्रस्तावित दोनों दलों की संयुक्त रैली गठबंधन की आगे की रणनीति और साझा चुनावी एजेंडे की तस्वीर स्पष्ट कर सकती है। हालांकि, सीटों का बंटवारा, उम्मीदवारों का चयन और किसान संगठनों का रुख आगामी चुनाव में गठबंधन की दिशा तय करने वाले प्रमुख मुद्दे होंगे। फिलहाल इतना स्पष्ट है कि यह महज चुनावी समझौता नहीं, बल्कि पंजाब में अपनी खोई राजनीतिक जमीन तलाशने की दोनों दलों की साझा कोशिश है।