रोहतक में श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व, शबद गायन कर संगत को किया निहाल

गुरुद्वारों में कीर्तन समागम, संगत ने टेका माथा; लंगर, फल-मिठाई वितरण और रोशनी से जगमगाए दरबार

रोहतक में श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व, शबद गायन कर संगत को किया निहाल

रोहतक, गिरीश सैनी। सिख पंथ के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व शहर में पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न गुरुद्वारों में विशेष धार्मिक समागम आयोजित किए गए। गुरुद्वारों में सुबह से ही दर्शन के लिए संगत की लंबी कतारें लगी रही। श्रद्धालुओं ने दरबार हाल में माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया और सुख-समृद्धि की कामना की।

जींद रोड स्थित नौवीं पातशाही गुरुद्वारा बंगला साहिब, गुरुद्वारा टिकाना साहिब, डीएलएफ कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा बाबा सोमा शाह, शिवाजी कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा गुरु नानक दरबार, गुरुद्वारा सिंह सभा मॉडल टाउन सहित शहर के विभिन्न गुरुद्वारों में विशेष कीर्तन समागम हुए।

नौवीं पातशाही गुरुद्वारा बंगला साहिब में सुबह व शाम को दीवान सजाए गए जिसमें ज्ञानी अजीत सिंह, भाई अमृत सिंह, भाई जसबीर सिंह, डबवाली से ढाढी जत्था, और बाई लखविन्दर सिंह ने कथा व कीर्तन द्वारा संगत को निहाल किया।   

गुरुद्वारा बाबा सोमा शाह में शाम को सजे दीवान में हजूरी रागी बीबा मनजोत कौर और भाई कुलदीप सिंह हिसार वाले के शबद गायन से संगत निहाल हुई। शाहबाद से पहुंचे भाई हरजीत सिंह हरमन ने कथा के माध्यम से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं, मानवता, समानता, प्रेम और सेवा का संदेश दिया।

गुरुद्वारा टिकाना साहिब में हजूरी रागी भाई गुरदेव सिंह, भाई गुरमेल सिंह कोयल औऱ महंत दिलबाग सिंह ने गुरू नानक देव जी की महिमा का वर्णन किया। अन्य गुरुद्वारों में भी रागी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन और कथा के माध्यम से गुरु की महिमा का बखान किया।

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारों के दरबार हॉल को आकर्षक फूलों से सजाया गया था। रंग-बिरंगी लाइटों और रोशनी से जगमगाते गुरु घरों की शोभा देखते ही बनी। श्रद्धालुओं ने मोमबत्तियां जलाकर प्रकाश पर्व की खुशियां साझा की। विभिन्न स्थानों पर गुरु का अटूट लंगर वरताया गया। संगत की ओर से फल और मिठाइयों का वितरण भी किया गया।

पूरे दिन व देर रात तक गुरुद्वारों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। संगत ने गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलने, जरूरतमंदों की सेवा करने और समाज में भाईचारे व सद्भाव को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।