देश का गौरव बढ़ाने में महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदानः राज्यपाल आचार्य देवव्रत
पत्रकार डॉ. सर्वप्रिया सांगवान सहित प्रतिभावान महिलाओं को किया सम्मानित।

रोहतक, गिरीश सैनी। गुजरात व महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा है कि देश का गौरव बढ़ाने में महिलाओं का योगदान बहुत महत्वपूर्ण है। महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करके देश की प्रगति में योगदान दे रही हैं।
आचार्य देवव्रत रोहतक में एक निजी अवार्ड समारोह में विभिन्न क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के उपरांत उपस्थित जन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज भारत की बेटियों न केवल लड़ाकू विमान उड़ा रही है, बल्कि हर क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर रही है। इस संदर्भ में उन्होंने दीक्षांत समारोह का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी वे किसी दीक्षांत समारोह में जाते हैं तो गोल्ड मेडल प्राप्त करने वालों में 10 में से 8 की संख्या लड़कियों की होती है। उन्होंने कहा कि सृष्टि तो भगवान ने बनाई है लेकिन सृष्टि को गति देने का काम नारी कर रही है। उन्होंने कहा कि मां न केवल जननी है, बल्कि निर्माता भी है। मनुष्य की माँ ही अपने बच्चों को संस्कार व विचार देने का कार्य करती है।
महामहिम राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि वैदिक काल में पुरुष व नारी के बीच भेदभाव नहीं था लेकिन गुलामी के दौरान नारी के सम्मान पर आघात हुआ। यह देश की गुलामी का कारण ही था कि महिलाओं को घर से बाहर नहीं जाने दिया जाता था और पर्दा प्रथा भी तभी शुरू हुई थी। उसी दौरान महिलाओं को उनकी प्रतिभा के अनुसार अवसरों से वंचित कर दिया गया था, लेकिन महर्षि दयानंद सरस्वती ने महिलाओं के अधिकारों को बहाल करने के लिए संघर्ष किया। दयानंद सरस्वती ने अपने संदेश में कहा कि जिन घरों में महिलाओं का सम्मान होता है, वहां देवता करते हैं। प्रतिभावान महिलाओं को सम्मानित करने के लिए राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने द हरियाणा टॉक्स की सराहना की और कहा कि उनके द्वारा यह अच्छा मिशन चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को राज्यपाल ने सम्मानित किया, जिनमें प्रमुख रूप से बीबीसी की पत्रकार डॉ. सर्वप्रिया सांगवान, आईपीएस डॉ. राजश्री सिंह, न्यूट्रीशियनिस्ट निकिता गर्ग, आचार्या सुकामा, प्रो. सोनिया मलिक शामिल रहे।
कार्यक्रम में दादरी के विधायक सुनील सांगवान, रोहतक के विधायक बीबी बतरा, समाजसेवी राजेश जैन, युवा भाजपा नेता हिमांशु ग्रोवर, आईएएस अधिकारी धर्मेंद्र सिंह, एमडीयू कुलपति प्रो. राजवीर सिंह, डीएलसी सुपवा के कुलपति डॉ. अमित आर्य, पं. बीडीएस हेल्थ विवि के कुलपति प्रो. एच के अग्रवाल, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, समाजसेवी संपूर्ण सिंह सहित अन्य गणमान्य मौजूद थे।