प्रभावी नेतृत्व के लिए संवेदनशीलता, आत्म-जागरूकता और सभी हितधारकों की भागीदारी जरूरीः राजेश खुल्लर

आईआईएम रोहतक के स्थापना दिवस समारोह में जिम्मेदार नेतृत्व और सतत विकास पर मंथन

प्रभावी नेतृत्व के लिए संवेदनशीलता, आत्म-जागरूकता और सभी हितधारकों की भागीदारी जरूरीः राजेश खुल्लर

रोहतक, गिरीश सैनी। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रोहतक के 18वें स्थापना दिवस समारोह का रविवार को लीडरशिप समिट-2026 के साथ आगाज हुआ। ‘प्रगति के साथ उद्देश्य : नेतृत्व और जिम्मेदार विकास की नई परिभाषा’ विषय पर आयोजित समिट में 40 से अधिक उद्योग विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और 600 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।

बतौर मुख्य अतिथि, हरियाणा के मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव रहे सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राजेश खुल्लर ने कहा कि प्रभावी नेतृत्व के लिए संवेदनशीलता, आत्म-जागरूकता और सभी हितधारकों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक कुशल नेता सभी पक्षों को सुनकर सहभागी कार्यप्रणाली के माध्यम से समस्याओं का समाधान करता है।

आईआईएम के निदेशक प्रो. धीरज शर्मा ने प्रबंधन शिक्षा, शोध और राष्ट्र निर्माण में आईआईएम के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि पिछले प्लेसमेंट सत्र में 250 से अधिक कंपनियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने नेतृत्व में आत्म-अनुशासन और जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण बताया।

समिट में भारत सरकार के पूर्व विशेष सचिव अभिजीत हलदर, अदाणी ग्रीन एनर्जी के सीईओ आशीष खन्ना और बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया के अध्यक्ष एवं सीईओ हरदीप बरार ने भी विचार रखे। तीन पैनल चर्चाओं में सन फार्मा, फाइजर, जिंदल स्टील और सीमेंस सहित प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों ने सतत विकास, महिला नेतृत्व, समावेशी कार्यस्थल और संस्थागत जवाबदेही पर मंथन किया।