महिला कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने हरियाणा के प्रदेश पदाधिकारियों सहित जिलाध्यक्षों की पहली सूची जारी की
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी और जिला अध्यक्षों की पहली सूची जारी कर दी गई है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने 16 नवंबर को जारी आदेश में छह उपाध्यक्ष, चार महासचिव, सात सचिव और 21 जिला अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
नई सूची में रोहतक को दो जिला अध्यक्ष मिले हैं। राज दुलारी को रोहतक ग्रामीण और कविता शर्मा को रोहतक शहरी महिला कांग्रेस का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
वहीं, प्रदेश कार्यकारिणी में प्रज्ञा पाशा जैन, नीलम बालयान, निर्मल बल्हारा, डॉ. निर्मला चौधरी, डॉ. आरती गहलोत और स्वीटी रंगा को उपाध्यक्ष बनाया गया है। साक्षी भोला, मुकेश श्योराण राठी, सविता गर्ग व लाजवंती को महासचिव तथा मितलेश चौधरी, सीमा खासा, पूजा मल्होत्रा, तनु शर्मा, हेमलता शर्मा, सुदेश और सुमन लोहचब को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला अध्यक्षों में अंबाला, भिवानी, फतेहाबाद, गुरुग्राम, हिसार, जींद, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, पानीपत, रेवाड़ी, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर की महिला पदाधिकारी भी शामिल हैं।
कार्यालय आदेश के अनुसार, यह प्रदेश महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की पहली सूची है। नियुक्तियों की सूचना कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संबंधित पदाधिकारियों को भी भेजी गई है।

Girish Saini

