पीजीआईडीएस द्वारा पीएचसी इस्माइला में स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 86 ग्रामीणों की हुई जांच
50 फीसदी को जोड़ों के दर्द, 20 फीसदी को उच्च रक्तचाप और 30 फीसदी महिलाओं में मिली खून की कमी
रोहतक, गिरीश सैनी। पीजीआईडीएस, रोहतक द्वारा पीएचसी इस्माइला में एक बहुविषयक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 86 ग्रामीणों को मुफ्त स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गई।
शिविर में जन स्वास्थ्य दंत चिकित्सा, त्वचा रोग और सामुदायिक चिकित्सा विभाग के विशेषज्ञों ने सेवाएं दी। शिविर का नेतृत्व पीजीआईडीएस के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. मंजूनाथ बीसी ने किया।
उन्होंने बताया कि सामान्य स्वास्थ्य जांच में करीब 50 प्रतिशत लोगों में घुटनों व जोड़ों के दर्द, 20 प्रतिशत में उच्च रक्तचाप और लगभग 30 प्रतिशत महिलाओं में खून की कमी पाई गई। मरीजों को आवश्यक दवाइयां देने के साथ खानपान, नियमित व्यायाम और स्वास्थ्य देखभाल संबंधी सलाह दी गई।
दंत चिकित्सा जांच में करीब 80 प्रतिशत लोगों को दांतों की सफाई, जबकि 70 प्रतिशत को दांत भरवाने या निकलवाने की जरूरत मिली। मोबाइल डेंटल वैन में आधुनिक उपकरणों से उपचार किया गया। तंबाकू सेवन करने वालों की मुंह के कैंसर से पूर्व के लक्षणों की जांच कर उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
डॉ. मंजूनाथ ने बताया कि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं।

Girish Saini

