महिलाएं अब केवल मूकदर्शक नहीं, गांव के फैसलों में दमदार भागीदारः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

राम राम हरियाणा में महिला हितैषी पंचायत की बात।

महिलाएं अब केवल मूकदर्शक नहीं, गांव के फैसलों में दमदार भागीदारः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। आज की पंचायतें केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता देने का कार्य भी कर रही हैं। जब पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ती है तो गांव का सामाजिक वातावरण भी सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ता है। ये विचार हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने -राम राम हरियाणा कार्यक्रम में श्रोताओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

कार्यक्रम में महिला हितैषी ग्राम पंचायतों, ग्राम सभाओं में महिलाओं की भागीदारी तथा ग्रामीण विकास में सामुदायिक सहयोग जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान ग्राम पंचायत बूंगा (बरवाला, पंचकूला) की सरपंच कविता चौधरी बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रही।

डॉ. चौहान ने ग्राम सभाओं में महिलाओं की बढ़ती उपस्थिति को लोकतंत्र की मजबूती बताते हुए कहा कि जिस गांव की मुखिया महिला होती है, वहां ग्राम सभा में महिलाओं की भागीदारी स्वतः बढ़ जाती है। महिलाएं अब केवल श्रोता नहीं बल्कि गांव के विकास संबंधी निर्णयों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

निदेशक डॉ. चौहान ने राम-राम हरियाणा कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ये मंच गांवों की सकारात्मक कहानियों, जनभागीदारी और सामाजिक बदलाव को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम ग्रामीण संस्कृति, पंचायतों के कार्यों और समाज में हो रहे बदलावों को नई पहचान दे रहे हैं।

मुख्य अतिथि, सरपंच कविता चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं को पंचायत चुनावों में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिसके लिए उन्होंने सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक महिला ही महिलाओं की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझ सकती है और उसी भावना के साथ उनकी पंचायत में महिलाओं और बालिकाओं के हित में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि स्कूल की बच्चियों के लिए हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। गांव में स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं, जिनमें महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गांव में विभिन्न स्थानों पर कैमरे लगाए गए हैं।

इस दौरान संस्थान से सहायक आचार्य संदीप कुमार, राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान से वरिष्ठ सलाहकार गुरबिंदर सिंह, स्टेट पंचायत रिसोर्स सेंटर से सलाहकार नीलम छिकारा, अपना रेडियो 91.2 एफएम से प्रीतम यादव, रेडियो वितस्ता 90 एफएम अंबाला से भारत सोपोरी, रेडियो अरावली से मनीष तथा एफएम भारती से वेद सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।