गणपति का आशीर्वाद जिसे मिला उसका हुआ बेड़ा पारः कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा है कि जिसे गणपति का आशीर्वाद मिल जाए, उसके जीवन में कभी कोई बाधा नहीं आ सकती और उसका बेड़ा पार हो जाता है। मानसरोवर कॉलोनी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित गणेश महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे डॉ. अरविंद शर्मा गणपति पूजा उपरांत उपस्थित जन को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. अरविंद शर्मा ने गणेश महोत्सव आमंत्रण के लिए सोसाइटी के प्रधान धर्मेंद्र गुगनानी का आभार व्यक्त किया और आयोजन के लिए समिति के पदाधिकारियों की सराहना की। उन्होंने समिति को 11,000 रूपये की राशि भी भेंट की। कैबिनेट मंत्री ने सोसाइटी पदाधिकारियों को जनहित में किसी भी विकास कार्य के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान समिति द्वारा एक निशुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें कॉलोनी वासियों सहित आसपास के लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। समिति के प्रधान धर्मेंद्र गुगनानी ने बताया कि मंगलवार 2 सितंबर को प्रातः काल पूजा अर्चना के बाद हवन यज्ञ का आयोजन किया जाएगा और भंडारे का आयोजन होगा। भंडारे के उपरांत सभी कॉलोनी वासी एकसाथ गणपति विसर्जन के लिए जाएंगे।