कौन बनेगा रोहतक का डीसी?
10 दिन से खाली उपायुक्त की कुर्सी, एडीसी के पास अतिरिक्त कार्यभार।
रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक जिले में उपायुक्त का पद 10 दिन से अधिक समय से खाली है। सरकार ने 6 अगस्त को तत्कालीन उपायुक्त सचिन गुप्ता का तबादला अंबाला कर दिया था। उन्होंने 7 अगस्त को वहां कार्यभार संभाल लिया। इसके बाद से रोहतक में पूर्णकालिक उपायुक्त की नियुक्ति नहीं हो सकी है।
सरकार ने 7 अगस्त को 2013 बैच के आईएएस अधिकारी प्रदीप दहिया को रोहतक उपायुक्त नियुक्त करने के आदेश जारी किए थे, लेकिन अगले ही दिन उन्हें गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त की जिम्मेदारी सौंप दी गई। इससे रोहतक में डीसी की नियुक्ति का मामला फिर अटक गया।
फिलहाल अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार उपायुक्त का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे हैं। लिंक अधिकारी के तौर पर उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। वह अपने मूल पद के दायित्वों के साथ उपायुक्त कार्यालय से जुड़े कार्य भी देख रहे हैं। इससे प्रशासनिक कामकाज चल रहा है, लेकिन महत्वपूर्ण पद पर नियमित अधिकारी की गैरमौजूदगी के चलते अतिरिक्त जिम्मेदारी बनी हुई है।
उपायुक्त जिले के राजस्व, विकास कार्यों, आपदा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रशासनिक समन्वय और सरकार की योजनाओं की निगरानी में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में इतने महत्वपूर्ण पद पर नियमित नियुक्ति नहीं होने को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज है। अब निगाहें सरकार के अगले फैसले पर टिकी हैं कि रोहतक को पूर्णकालिक उपायुक्त कब मिलता है।

Girish Saini 

