मरीज के विश्वास और एक चिकित्सक की जिम्मेदारी का प्रतीक है व्हाइट कोटः कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल

पीजीआईएमएस में इंटर्न्स ने ली हिप्पोक्रेटिक शपथ, डॉ. दीपांशी 2021 बैच में अव्वल।

मरीज के विश्वास और एक चिकित्सक की जिम्मेदारी का प्रतीक है व्हाइट कोटः कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि में बुधवार को एमबीबीएस 2021 बैच की एक वर्षीय इंटर्नशिप के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि, कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल ने सभी इंटर्न्स को हिप्पोक्रेटिक शपथ दिलाई।

उपस्थित इंटर्न्स को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए आपकी मेहनत के साथ ही आपके माता-पिता भी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर रहने के दौरान हमेशा अपना व्हाइट कोट अवश्य पहनें और गले में स्टेथोस्कोप जरूर टांगें। व्हाइट कोट केवल वस्त्र नहीं, बल्कि मरीज के विश्वास और हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने युवा डॉक्टरों का आह्वान किया कि मोबाइल और सोशल मीडिया का कम से कम प्रयोग करके वास्तविक दुनिया में जिएं और अपने परिवार व दोस्तों के साथ समय बिताएं।

कुलपति डॉ अग्रवाल ने कहा कि विफलता से हारना नहीं चाहिए, बल्कि उससे सीखकर सफलता हासिल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें ताउम्र आज ली गई इस शपथ को निभाना है और मरीज व उनके परिजनों के साथ हमेशा विनम्र व्यवहार रखना है।

निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने कहा कि ये एप्रन हमें जिम्मेदारी का एहसास करवाता है। समाज में हमें एक अच्छे डॉक्टर और एक अच्छे इंसान की तरह अपना योगदान देना चाहिए। डीन डॉ. अशोक चौहान ने कहा कि एमबीबीएस 2021 बैच के 217 इंटर्न्स की इंटर्नशिप शुरू होने के साथ ही उनकी जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। मरीज की सेवा ही आपका पहला धर्म है।

उन्होंने बताया कि इस बैच में डॉ. दीपांशी ने प्रथम, डॉ. यश गर्ग ने दूसरा तथा डॉ. दीपाली ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ. वरुण अरोड़ा ने किया। इस मौके पर डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ एम.जी. वशिष्ठ, डीन छात्र कल्याण डॉ सविता सिंघल सहित अन्य अधिकारी एवं इंटर्न डॉक्टर मौजूद रहे।