जिला में गेहूं की खरीद जारीः उपायुक्त सचिन गुप्ता

घरेलू गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी जारी।

जिला में गेहूं की खरीद जारीः उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला में गेहूं फसल की मिसमैच डाटा को मंगलवार शाम तक वेरीफाई करवा दिया जाएगा। अभी तक सांपला मंडी में 14 हजार मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है, जिसमें से 342 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद भी की गई है। संबंधित अधिकारियों को मंडियों से गेहूं के उठान बारे भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए है। उन्होंने कहा कि जिला में एलपीजी, पेट्रोल व डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

उपायुक्त सचिन गुप्ता खरीद एजेंसियों व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्तों के साथ मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पर दर्ज मिसमैच डाटा वेरिफिकेशन, मंडियों में गेहूं की आवक, खरीद व उठान, गेट पास के लिए किए गए प्रबंध, जिलों में घरेलू गैस व पेट्रोल व डीजल की उपलब्धता की समीक्षा की। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, एसडीएम अंकिता पंवार, आशीष कुमार व विपिन कुमार, मंडल वन अधिकारी सुंदर लाल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह, नगराधीश अंकित कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

उपायुक्त ने कहा कि जिला में अब तक 2520 गेट पास जारी किए गए है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को सभी मंडियों में पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए है तथा गेहूं का उठान भी साथ-साथ करवाने के आदेश जारी किए गए है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी मंडियों में गेहूं खरीद का जायजा ले रहे है तथा अतिरिक्त उपायुक्त व संबंधित उपमंडलाधीश भी फसल खरीद की निगरानी कर रहे है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला में घरेलू गैस, पेट्रोल व डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए निरंतर छापेमारी की जा रही है तथा अब तक 105 घरेलू गैस सिलेंडर बाजार से जब्त किए गए है। उन्होंने कहा कि जिला में 5 किलोग्राम के 1531 सिलेंडर भी उपलब्ध है, जिन्हें आवश्यकता अनुसार वितरित किया जाएगा।

वीडियो कॉन्फ्रेंस के उपरांत उपायुक्त सचिन गुप्ता ने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपमंडलाधीशों को मंडियों का निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने कहा कि अधिकारी मंडियों में पहुंचकर यह सुनिश्चित करें कि प्रवेश द्वार पर गेट पास जारी करने के लिए पर्याप्त संख्या में ऑपरेटर उपलब्ध हो। मंडियों में धर्म कांटों को चेक किया जाये तथा उनके सर्टिफिकेट भी चेक किए जाये। मंडियों में बारदाना भी चेक किया जाये तथा मंडी एसोसिएशन के पदाधिकारियों से भी बातचीत की जाये।

उपायुक्त ने कहा कि अधिकारी प्रतिदिन मंडियों में पर्याप्त संख्या में बारदाना उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मंडियों में गेट पास जारी करने के लिए 10 से 12 ऑपरेटर उपलब्ध करवाये जाये ताकि भीड़ के दौरान भी व्यवस्था बनी रहे। मंडियों के अलावा कच्ची मंडी अथवा खरीद केंद्रों पर भी फसल खरीद के पुख्ता प्रबंध किए जाये। इन खरीद केंद्रों में गेहूं की फसल डालने के लिए तिरपाल आदि बिछवाया जाये तथा खरीद केंद्रों के प्रवेश व निकास द्वार भी सुविधाजनक हो। निचले इलाकों में गेहूं की फसल न डाली जाये। उन्होंने कहा कि कलानौर मंडी में भी आढतियों को पर्याप्त बारदाना उपलब्ध करवाया जाये तथा काहनौर मंडी में भी सभी आवश्यक प्रबंध किए जाये।  

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने प्रशासन के उच्चाधिकारियों एवं खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक से पूर्व स्थानीय नई अनाज मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने नई अनाज मंडी पहुंचकर मंडी में किए गए प्रबंधों के साथ-साथ मंडी में पहुंची गेहूं की ढेरियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर नमी मापक यंत्र से गेहूं की फसल की नमी जांची। खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए उपायुक्त ने कहा कि प्रतिदिन मंडियों व खरीद केंद्रों में आने वाली गेहूं की फसल की खरीद की जाये तथा उठान की भी पुख्ता व्यवस्था की जाये। उपायुक्त ने कहा कि किसानों गेट पास जारी करने तथा फसल की बिक्री व बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मौके पर मंडी के आढ़तियों तथा किसानों से भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि मंडी एसोसिएशन सरकार द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत किसानों की गेहूं की फसल खरीदने में पूर्ण सहयोग दें। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन द्वारा फसल बिक्री के समय उन्हें कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

समीक्षा बैठक में जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक मनीषा मेहरा, एफसीआई के जिला प्रबंधक राजीव बिसला, हैफेड के जिला प्रबंधक किशन श्योराण, कृषि उपनिदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक, रोहतक मार्केट कमेटी के सचिव दीपक, महम मार्केट कमेटी के सचिव डॉ. दीपक कुमार, सांपला मार्केट कमेटी की सचिव सविता सैनी, रोहतक मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष पुनीत कौशिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।