सुपवा के छात्रों आशीष व मुकेश के अभिनय से सजी वेब सीरीज जालिमपुर आज होगी रिलीज
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक के पूर्व छात्रों द्वारा अभिनीत वेब सीरीज जालिमपुर वीरवार 12 मार्च को ओटीटी प्लेटफॉर्म चौपाल पर रिलीज होगी। हरियाणवी पृष्ठभूमि पर आधारित इस वेब सीरीज में विवि के पूर्व छात्रों आशीष नेहरा व मुकेश मुसाफिर का दमदार अभिनय दर्शकों को नजर आने वाला है।
फिल्म एवं टेलीविजन विभाग के एफसी महेश टीपी ने बताया कि आशीष नेहरा पटकथा व निर्देशन के पहले बैच 2011 और मुकेश मुसाफिर अभिनय के 2012 बैच के पूर्व छात्र हैं। आशीष नेहरा व मुकेश मुसाफिर इससे पहले भी अपने अभिनय का दम विभिन्न फिल्म प्रोजेक्ट्स में दिखा चुके हैं। जालिमपुर में दोनों कलाकार हरियाणवी ओटीटी दर्शकों के सामने एक नई कहानी और दमदार अदाकारी के साथ दिखाई देंगे।
आशीष व मुकेश ने कहा कि विवि में कोर्स के दौरान सीखी बारीकियां फिल्म इंडस्ट्री व असल जीवन में काम आ रही हैं। आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसके पीछे स्वयं की मेहनत के साथ ही सुपवा का भी अहम योगदान है। उन्होंने बताया कि हरियाणवी पृष्ठभूमि पर आधारित इस वेब सीरीज में गांव की राजनीति, सामाजिक टकराव और स्थानीय जीवन की जटिलताएं रोचक अंदाज में देखने को मिलेंगी।
कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने दोनों पूर्व छात्रों को उनकी उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए आगे बी विवि का नाम रोशन करने को प्रेरित किया। ध्यान रहे कि आशीष नेहरा इससे पहले डीजे वाले बाबू, कुड़ी हरियाणा वल दी, ठुकरा के मेरा प्यार, दूजवर, दहलीज, कांड 2010 में अपने अभिनय से दर्शकों पर छाप छोड़ चुके हैं। वहीं, उनके निर्देशन में बनी फिल्म पिंजरे की तितलियां और घर की बात को विभिन्न फिल्म फेस्टिवल्स में अवार्ड मिल चुके हैं। इसी तरह मुकेश मुसाफिर भी इससे पहले फिल्म मलाल, लक्ष्मी, क्राइम हरियाणा, कॉलेज कांड, कांड 2010 में अपनी अदाकारी का जलवा दिखा चुके हैं।

Girish Saini 

