वास्तविक मतदाता का नाम सूची से नहीं कटने देंगेः डीसी सतबीर सिंह
स्थानांतरित मतदाताओं का भी होगा सत्यापन, बीएलए के सहयोग से 10 दिन चलेगा अभियान
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि जिले में कोई भी पात्र एवं वास्तविक मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित नहीं रहना चाहिए। भारत निर्वाचन आयोग के नए दिशा-निर्देशों के तहत अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट (एएसडीडी) श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं का दोबारा सत्यापन किया जाएगा।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद उपायुक्त ने अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि सत्यापन अभियान को गंभीरता से लागू किया जाए। उन्होंने बताया कि बीएलओ ऐसे मतदाताओं से संपर्क कर उनके विवरण की पुष्टि करेंगे, जो पंजीकृत पते पर नहीं मिले या दूसरी जगह स्थानांतरित हो गए हैं। हरियाणा के भीतर स्थान बदलने वाले मतदाताओं को प्रगणन फॉर्म उपलब्ध करवाकर नए बीएलओ तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बीएलए-1 और बीएलए-2 का सहयोग लिया जाएगा। अगले 10 दिनों तक स्थानांतरित मतदाताओं की पहचान और सत्यापन पर विशेष ध्यान रहेगा।
एसआईआर के दौरान ड्राफ्ट सूची से बाहर हुए पात्र मतदाता एन्यूमरेशन फॉर्म और आवश्यक दस्तावेज बीएलओ, ईआरओ अथवा ईसीआईनेट पोर्टल पर जमा कर सकते हैं। सत्यापन के बाद उनका नाम पुराने ईपीआईसी नंबर के साथ अंतिम सूची में शामिल किया जाएगा।
बैठक में एडीसी नरेंद्र कुमार, एसडीएम अंकिता पुवार, आशीष कुमार व विपिन कुमार, रोहतक के तहसीलदार यशपाल शर्मा, सांपला के तहसीलदार गुलाब सिंह व निर्वाचन तहसीलदार सरला कौशिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Girish Saini

