वांछित अपराधी पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल

किसी और वारदात को अंजाम देने की फिराक में था आरोपी।

वांछित अपराधी पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल

रोहतक, गिरीश सैनी। जिला पुलिस की सीआईए-1 स्टाफ की टीम ने मुठभेड़ के बाद एक वांछित अपराधी को काबू किया है। आरोपी रिटौली में हुई फायरिंग की वारदात में शामिल रहा है। उसे इलाज के लिए पीजीआईएमएस, रोहतक में दाखिल कराया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया ने बताया कि वीरवार तड़के प्रभारी सीआईए-1 स्टाफ को सूचना मिली कि गत दिनों रिटौली गांव में हुई फायरिंग की वारदात में शामिल वांछित अपराधी किसी अन्य वारदात को अंजाम देने के इरादे से झज्जर-मेरठ रोड फ्लाईओवर के नीचे, कुलताना रोड, सांपला का पास किसी के इंतजार में घूम रहा है। सूचना पर तुरंत कार्यवाही करते हुए सीआईए-1 स्टाफ की टीम ने कुलताना फ्लाईओवर के पास संदिग्ध युवक को रोकने की कोशिश की। युवक ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से सीधे दो फायर किये। सीआईए-1 स्टाफ की टीम ने युवक को सरेंडर करने की चेतावनी देते हुए हवाई फायर किया। उसके बाद भी युवक ने पुलिस टीम पर फायर किया जो गोली एक पुलिसकर्मी की बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी। पुलिस टीम ने सूझबूझ व बहादुरी का परिचय देते हुए अपना बचाव किया तथा आत्मरक्षा में युवक पर तीन-तीन फायर किए। इस दौरान युवक के दोनों पैरों में गोली लगी और पुलिस ने युवक को काबू किया, जिसकी पहचान मोहन उर्फ मोनु निवासी गांव गांधी, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके पास से एक देसी पिस्तौल व 3 रौंद बरामद हुए। युवक को तुरंत उपचार के लिए पीजीआईएमएस, रोहतक में दाखिल कराया गया है। मुठभेड़ में पुलिस की तरफ से 7 व आरोपी मोहन उर्फ मोनु की तरफ से 4 गोलियां चली है।

जांच में पता चला कि 19 दिसंबर 2025 को सायं के समय आरोपी ने अपने साथियों के साथ गाड़ी में सवार होकर गांव रिटोली में सन्नी निवासी रिटौली की फॉर्च्यूनर गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। वारदात में गोली लगने से एक आरोपी की मौत हो गई थी तथा दोनो तरफ से एक-एक व्यक्ति घायल हुआ था। वारदात में शामिल पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जो न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है।