नगर पालिका सांपला के प्रधान व वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान 10 मई कोः उपायुक्त सचिन गुप्ता
नामांकन पत्र दाखिल 21 से 25 अप्रैल तक, मतगणना 13 मई को।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने बताया कि हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नगर पालिका सांपला (रोहतक) के प्रधान एवं सभी वार्डों के सदस्यों के सामान्य चुनाव-2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 10 मई को सुबह 8 से सायं 6 बजे तक मतदान होगा तथा 13 मई को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जायेंगे। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही नगर पालिका सांपला के संपूर्ण क्षेत्र में तुरंत प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है, जिसकी दृढ़ता से पालना सुनिश्चित की जायेगी।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि नगर पालिका सांपला के प्रधान एवं सभी 16 वार्डों के सदस्यों के चुनाव के लिए सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पंवार को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। महम स्थित सहकारी चीनी मिल के एमडी मुकुंद कुमार को 1 से 16 वार्डों के सदस्यों के चुनाव के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारी तथा प्रधान पद के चुनाव के लिए सांपला के नायब तहसीलदार अशोक कुमार को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को पारदर्शिता एवं नियमों के अनुसार संपन्न करवायें। उपायुक्त ने मतदाताओं का आह्वान किया है कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढक़र भाग लें तथा मतदान को शांतिपूर्ण संपन्न करवाने में अपना योगदान दें।
उपायुक्त ने बताया कि आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार उम्मीदवार 21 से 25 अप्रैल 2026 तक प्रातः 11 से सायं 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके उपरांत 27 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी तथा 28 अप्रैल को सुबह 11 से सायं 3 बजे तक उम्मीदवार नामांकन वापस लें सकेंगे। इसी दिन सायं 3 बजे के बाद चुनाव मैदान में बचे शेष उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे तथा मतदान केंद्रों की सूची चस्पा की जाएगी।

Girish Saini 

