नगर पालिका सांपला आम चुनाव-2026 के लिए मतदाता सूची संशोधन कार्यक्रम जारीः उपायुक्त सचिन गुप्ता
वार्डवार मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन 28 फरवरी को।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता ने बताया कि हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के माध्यम से नगर पालिका सांपला के आम चुनाव-2026 के दृष्टिगत मतदाता सूची में संशोधन के लिए कार्यक्रम जारी किया गया है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि नगर पालिका चुनाव नियमावली 1978 के नियम 4(4)(1) एवं 4(4)(2) से (7) के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियों के निपटान के लिए महम स्थित सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक मुकुन्द (मोबाइल नं. 8708152196) को रिवाइजिंग अथॉरिटी तथा सांपला के नायब तहसीलदार अशोक कुमार (मोबाइल नं. 9466836288) को सहायक रिवाइजिंग अथॉरिटी नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त सांपला नगरपालिका सचिव नरेंद्र (मोबाइल नं. 9996444660) को अधिसूचना में वर्णित समय-सारणी व दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी वार्डों की मतदाता सूची के प्रकाशन के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि निर्धारित मतदाता सूची संशोधन कार्यक्रम के तहत 27 फरवरी 2026 तक संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची का वार्डवार ड्राफ्ट प्रकाशन किया जायेगा तथा 28 फरवरी को दावे व आपत्तियां आमंत्रित करने के लिए वार्डवार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जायेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी 7 मार्च तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेगी, 12 मार्च तक दावे एवं आपत्तियों का निपटारा किया जायेगा तथा 16 मार्च तक रिवाइजिंग अथॉरिटी के आदेशों के विरुद्ध उपायुक्त के समक्ष अपील दायर की जा सकेगी। उपायुक्त द्वारा 19 मार्च तक अपीलों का निपटारा कर 27 मार्च 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा।

Girish Saini 

