आईटीआई में व्यावसायिक मार्गदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

आईटीआई में व्यावसायिक मार्गदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग के रोजगार निदेशालय के तत्वावधान में शुक्रवार को स्थानीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में व्यावसायिक मार्गदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सरकार की रोजगार संबंधी विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना था।

बतौर मुख्य वक्ता, मंडल रोजगार अधिकारी राजेश सांगवान ने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना तथा प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत निजी क्षेत्र के नियोक्ताओं को फ्रेशर युवाओं को रोजगार देने पर प्रत्येक नई नियुक्ति के लिए प्रतिमाह 3000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही नई नियुक्ति पाने वाले कर्मचारियों को भी 15000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार ने देशभर में लगभग 3.5 करोड़ रोजगार सृजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

इसी प्रकार प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम के तहत देश की शीर्ष 500 कंपनियों में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, बीए और बीबीए उत्तीर्ण विद्यार्थियों को इंटर्नशिप करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत चयनित युवाओं को प्रतिमाह 5000 रुपये का मानदेय दिया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत निशुल्क बीमा का लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी पांच वर्षों में देश के एक करोड़ युवाओं को नामचीन कंपनियों में इंटर्नशिप प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे युवाओं के कौशल विकास के साथ-साथ उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकेंगे। इस दौरान आईटीआई प्राचार्य राजपाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।