व्यावसायिक रोजगार सप्ताह 20 से 24 जुलाई तक, युवाओं को दी जाएगी करियर, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारीः डीसी सचिन गुप्ता

व्यावसायिक रोजगार सप्ताह 20 से 24 जुलाई तक, युवाओं को दी जाएगी करियर, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारीः डीसी सचिन गुप्ता

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि रोजगार विभाग द्वारा सभी रोजगार कार्यालयों एवं विवि रोजगार सूचना एवं मार्गदर्शन केंद्रों में 20 से 24 जुलाई तक व्यावसायिक सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस सप्ताह का उद्देश्य युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार तथा करियर से जुड़े विभिन्न अवसरों के बारे में जागरूक करना और उन्हें उचित मार्गदर्शन प्रदान करना है।

उपायुक्त ने बताया कि इस दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विद्यार्थियों को व्यावसायिक मार्गदर्शन, रोजगार के विभिन्न विकल्पों, स्वरोजगार योजनाओं तथा रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञों द्वारा युवाओं को उनकी योग्यता एवं रुचि के अनुरूप करियर चयन के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। 

इसी कड़ी में एमडीयू स्थित विवि रोजगार सूचना एवं मार्गदर्शन केंद्र में करियर वार्तालाप, समूह मार्गदर्शन (ग्रुप गाइडेंस) एवं करियर परामर्श संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से युवाओं को वर्तमान रोजगार परिदृश्य, कौशल विकास तथा आत्मनिर्भर बनने के अवसरों से अवगत कराया जाएगा। इन कार्यक्रमों में पूर्व विद्यार्थी, वर्तमान विद्यार्थी, अभिभावक तथा रोजगार एवं स्वरोजगार संबंधी जानकारी प्राप्त करने के इच्छुक सभी नागरिक भाग ले सकते हैं। सभी कार्यक्रमों में सहभागिता पूर्णत: नि:शुल्क रहेगी।