8वें पुस्तक मेले के साथ ज्ञान और साहित्य की महक से महका विवेकानंद पुस्तकालय परिसर
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के विवेकानंद पुस्तकालय परिसर में 8वें पुस्तक मेले का शुभारंभ हुआ। 11 से 13 नवम्बर 2025 तक आयोजित इस तीन दिवसीय पुस्तक मेले में कुल 82 प्रकाशक भाग ले रहे हैं, जो जीवन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी, सामाजिक विज्ञान, मानविकी और सामान्य पुस्तकों सहित विभिन्न विषयों पर 55 हजार से अधिक पुस्तकों का प्रदर्शन कर रहे हैं।
बतौर मुख्य अतिथि, हरियाणा के राज्य सूचना आयुक्त अमरजीत सिंह ने कहा कि उन्होंने प्रदेश के अनेक विवि का दौरा किया है, परंतु इतना उत्कृष्ट और समृद्ध पुस्तक मेला कहीं नहीं देखा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल पुस्तकों के प्रति आकर्षण बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में ज्ञान-संवर्धन की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि पुस्तकें मनुष्य की सच्ची मित्र होती हैं, विशेषकर तब जब आज की व्यस्त जीवनशैली में सब अपने-अपने निजी कार्यों में व्यस्त हैं। डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस.सी. मलिक और कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत ने भी अपने विचार साझा किए।
पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. सतीश कुमार मलिक ने स्वागत भाषण दिया। प्रो. निर्मल कुमार स्वैन ने आभार व्यक्त किया। डिप्टी लाइब्रेरियन डॉ. सीमा ने मंच संचालन किया। पुस्तक मेले के पहले दिन बड़ी संख्या में शोधार्थियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पुस्तक स्टॉलों का अवलोकन किया।
Girish Saini 

