दृष्टिबाधित खिलाड़ियों को मिला अपना फुटबॉल अभ्यास मैदान
रोटरी क्लब रोहतक नेक्स्ट ने तैयार किया कान्हा प्रैक्टिस एरिया।
रोहतक, गिरीश सैनी। दृष्टिबाधित बच्चों को खेलों में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में रोटरी क्लब ऑफ रोहतक नेक्स्ट ने विशेष फुटबॉल अभ्यास क्षेत्र कान्हा प्रैक्टिस एरिया तैयार किया है। शनिवार को इसका उद्घाटन किया गया। हरी घास से तैयार इस मैदान पर दृष्टिबाधित फुटबॉल खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल, मूवमेंट और टीमवर्क का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी।
क्लब अध्यक्ष रोटेरियन अतुल बंसल ने कहा कि इस अभ्यास क्षेत्र का उद्देश्य दृष्टिबाधित बच्चों को सुरक्षित और समर्पित माहौल में नियमित फुटबॉल प्रशिक्षण की सुविधा देना है। इससे उनमें खेल कौशल के साथ आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित होगी। उन्होंने कहा कि क्लब समावेशी खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। प्ले, प्रैक्टिस, पार्टिसिपेट—क्रिएट लास्टिंग इंपैक्ट के संदेश के साथ शुरू की गई यह पहल बच्चों को खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देगी। इस दौरान ज्योति बंसल, कशिश बंसल, साहिल अरोड़ा, अनु बंसल, सिद्धांत जैन और गीतिका जैन सहित क्लब सदस्य मौजूद रहे।

Girish Saini 

