विश्वकर्मा जयंती समारोह 17 सितंबर को महेंद्रगढ़ में, सीएम नायब सैनी होंगे मुख्य अतिथि
रोहतक, गिरीश सैनी। महेंद्रगढ़ के कॉलेज ग्राउंड में 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बड़ा समारोह होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा समारोह की अध्यक्षता करेंगे, जबकि महेंद्रगढ़ से विधायक कंवर सिंह यादव संयोजक रहेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पूर्व सांसद जांगड़ा ने भाजपा कार्यालय मंगलकमल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि विश्वकर्मा जयंती केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के कारीगरों, श्रमिकों और शिल्पकारों के योगदान को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2023 में 13 हजार करोड़ रुपये की प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना शुरू कर पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को आर्थिक व तकनीकी रूप से मजबूत करने की पहल की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आमजन से 17 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में कॉलेज ग्राउंड पहुंचने का आह्वान किया। इस दौरान रोहतास जांगड़ा, देवेंद्र पांचाल, श्यामलाल जांगड़ा, रमेश पांचाल, सतबीर, अजय, संजीव सहित अन्य मौजूद रहे।

Girish Saini 

