सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर किलोई के शिव मंदिर किलोई में सुना गया पीएम मोदी व सीएम नायब सिंह सैनी का वर्चुअल संबोधन
सोमनाथ मंदिर से जुड़ी प्रदर्शनी का आयोजन।
रोहतक, गिरीश सैनी। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर किलोई स्थित शिव मंदिर परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सोमनाथ मंदिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा कुरुक्षेत्र से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का वर्चुअल संबोधन उपस्थित जनसमूह को सुनाया गया। इस दौरान महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा भी निकाली गई। कार्यक्रम स्थल पर सोमनाथ मंदिर से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। साथ ही भगवान शिव से संबंधित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। उपस्थित नेताओं ने सोमनाथ मंदिर से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं और इसके महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में भारत की प्राचीन संस्कृति, सनातन धर्म और सांस्कृतिक विरासत को लेकर देशवासियों को महत्वपूर्ण संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि भारत सनातन संस्कृति और आस्था का देश है तथा धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में माता वैष्णो देवी, द्वारका, काशी, महाकाल सहित देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का उल्लेख करते हुए भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को विश्व भर में पहचान दिलाने का कार्य किया है। पूर्व मंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा जारी किए गए डाक टिकट तथा 70 रुपए के स्मारक सिक्के के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।
पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन गौरव को दोबारा स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। इस दौरान उपायुक्त सचिन गुप्ता, एसडीएम आशीष कुमार, मंडल आयुक्त के ओएसडी शुभम सहित महंत कालिदास, बीके रक्षा, बीके सीमा, बीके कुसुम, महंत कर्णपुरी, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा एवं अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।

Girish Saini 

