विकसित भारत के संकल्प को गांवों तक पहुंचाने की दिशा में अहम कदम है वीबीजी राम जीः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान
जिला स्तरीय पंच सम्मेलन आयोजित।
पीपली/कुरुक्षेत्र, गिरीश सैनी। विकसित भारत के निर्माण का सशक्त आधार गांव और ग्राम पंचायतें हैं। वीबीजी राम जी अधिनियम-2025 गांवों के विकास को नई दिशा और गति प्रदान करेगा। इसके तहत मनरेगा से अधिक रोजगार दिया जाएगा और जो काम होंगे उनमें स्थाई परिसम्पत्तियों के निर्माण पर आग्रह रहेगा। ये उद्गार हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने एचआईआरडी एवं ग्रामीण विकास विभाग हरियाणा, चंडीगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में कुरुक्षेत्र जिले के खंड पिपली की ग्राम पंचायत बिहोली में विकसित भारत जी राम जी अधिनियम-2025 के अंतर्गत जिला स्तरीय पंच सम्मेलन में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
इस कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र जिले के विभिन्न गांवों से आए सरपंचों, पंचों एवं ग्राम सचिवों ने भाग लिया। उप जिला कार्यकारी अधिकारी कृष्ण लाल तथा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी रूबल ने डॉ. चौहान का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों का दायित्व केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि सुशासन, पारदर्शिता और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रशिक्षण एवं जागरूकता के माध्यम से पंचायतें आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा पंचायत प्रतिनिधि इस अधिनियम की भावना को समझते हुए जनभागीदारी के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि गांवों का समग्र एवं सतत विकास संभव हो सके।
डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि विकसित भारत–वीबीजी राम जी अधिनियम-2025 ग्रामीण रोजगार व्यवस्था में व्यापक सुधार लेकर आया है। इस अधिनियम के तहत रोजगार की गारंटी 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन कर दी गई है तथा मजदूरी का भुगतान साप्ताहिक अथवा अधिकतम 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने का प्रावधान किया गया है। साथ ही, कार्यों की निगरानी में आधुनिक तकनीक, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा दिया गया है, जिससे ग्रामीण श्रमिकों को समय पर भुगतान, बेहतर कार्य अवसर तथा पंचायतों को विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में अधिक मजबूती मिलेगी। यह अधिनियम विकसित भारत के संकल्प को गांवों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी कृष्ण लाल ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को शासन की योजनाओं एवं नवीन अधिनियमों की समुचित जानकारी देकर उन्हें अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए सक्षम बनाया जा रहा है। कार्यक्रम समन्वयक कमलदीप सांगवान ने बताया कि इस जिला स्तरीय पंच सम्मेलन का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को वीबीजी राम जी के विभिन्न प्रावधानों, पंचायतों की भूमिका तथा ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में व्यवहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है।
इस दौरान स्टेट पंचायत रिसोर्स सेंटर से नीलम छिकारा, जितेंद्र बाल्यान, सुनील नंबरदार, ग्राम सचिव राजाराम, देवीदयाल सहित अन्य गणमान्य जन व पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Girish Saini 

