नेशनल पैरा लॉन बॉल्स चैंपियनशिप में विकास नरवाल ने जीते दो स्वर्ण पदक
रोहतक, गिरीश सैनी। दृढ़ इच्छाशक्ति और कड़ी मेहनत का उदाहरण पेश करते हुए गांव कथूरा के पैरा खिलाड़ी विकास नरवाल ने द्वितीय पैरा लॉन बॉल्स नेशनल चैंपियनशिप 2025-26 में उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीते हैं। गुवाहाटी (असम) में आयोजित इस चैंपियनशिप में विकास ने सिंगल्स और ट्रिपल्स इवेंट्स में जीत हासिल कर हरियाणा का नाम ऊंचा किया।
विकास के छोटे भाई विपिन नरवाल ने ये जानकारी देते हुए बताया कि बचपन से ही विकास की खेलों मे रूचि थी। सीमित संसाधनों और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने जीवन में हार न मानते हुए निरंतर संघर्ष कर खेल जगत में अपनी अलग पहचान बनाई। वर्तमान में विकास प्रगति इंफ्रा सॉल्यूशन प्रा. लि. के एचआर विभाग में कार्यरत हैं। अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ-साथ खेल के प्रति उनकी निष्ठा और अनुशासन उन्हें विशिष्ट पहचान दिलाता है। राष्ट्रीय स्तर पर ये उपलब्धि उनकी निरंतर मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन का प्रमाण है।
विकास ने अपने परिजनों, मित्रों, सहकर्मियों, कंपनी प्रबंधन तथा संबंधित खेल संघ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से ऑस्ट्रेलिया के पैरा लॉन बॉल्स के मुख्य कोच रिचर्ड गेल का धन्यवाद किया, जिनके मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग और अनुभव ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका अगला लक्ष्य आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए पदक जीतना है।

Girish Saini 

