विद्यादानः शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए रोटरी क्लब ऑफ रोहतक नेक्स्ट की अनूठी पहल
15 छात्रों एवं 11 छात्राओं की सालाना फीस भरेगा क्लब।
रोहतक, गिरीश सैनी। सामाजिक उत्थान और शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक उल्लेखनीय कदम उठाते हुए रोटरी क्लब ऑफ रोहतक नेक्स्ट द्वारा स्थानीय गोहाना रोड स्थित शिक्षा भारती स्कूल में विद्यादान अभियान आयोजित किया गया। क्लब के अध्यक्ष, रोटेरियन अतुल बंसल ने अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
रोटेरियन अतुल बंसल ने कहा कि इस विद्या दान अभियान के तहत स्कूल के 26 जरूरतमंद विद्यार्थियों की वार्षिक फीस का खर्च क्लब द्वारा वहन किया जाएगा। इस छात्रवृत्ति का लाभ पाने वालों में 15 छात्र एवं 11 छात्राएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि क्लब का प्रयास है कि आर्थिक अभाव के चलते कोई बालक शिक्षा से वंचित न रहे।
इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने एक लघु नाटक के माध्यम से मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग और उसके दुष्प्रभावों से अवगत कराया। बच्चों ने -आओ स्कूल चलें हम थीम पर मनमोहक नृत्य भी प्रस्तुत किया। क्लब सदस्य डॉ. अपूर्व नरूला ने क्लब की अन्य सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी।
स्कूल प्रबंधन समिति के कोषाध्यक्ष एस.के. गुप्ता एवं निदेशक संजय सोनी ने इस पहल के लिए रोटरी क्लब ऑफ रोहतक नेक्स्ट का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये अभियान जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षित करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने अतिथियों को पटका पहनाकर तथा पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरान क्लब सचिव कशिश बंसल, कोषाध्यक्ष सिद्धांत जैन, सदस्य डॉ अपूर्व नरूला, सुमित बंसल, साहिल अरोड़ा, ज्योति बंसल, डॉ अर्जुन नरूला, अनु बंसल, अंशिका गोयल, गीतिका जैन सहित, प्राचार्य जितेंद्र चावला, स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी मौजूद रहे।
इस दौरान क्लब द्वारा चिकित्सक दिवस पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। कक्षा तीसरी से पांचवीं वर्ग में शौर्य ने प्रथम, प्रीत माला ने दूसरा व भूदेव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, कक्षा छठी से आठवीं वर्ग में काश्वी ने प्रथम, हंसिका ने दूसरा व हिमांशी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
Girish Saini 


