कुलपति प्रो मिलाप पूनियाँ ने परीक्षा संचालन नियमों का सख्ती से पालन करने का आह्वान किया
रोहतक, गिरीश सैनी। परीक्षा प्रणाली की शुचिता को सुनिश्चित करने, तथा सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से परीक्षाएं आयोजित करने का आह्वान एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने विवि से संबद्ध महाविद्यालयों/संस्थानों के प्राचार्यों तथा निदेशकों की बैठक में किया।
परीक्षा कार्यालय एवं संचालन शाखा द्वारा ऑफलाइन तथा ऑनलाइन माध्यम से आयोजित इस बैठक में कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था की पवित्रता बनाए रखने का दायित्व विवि प्रशासन के साथ-साथ संबद्ध महाविद्यालयों पर भी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा संचालन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं के दौरान अनुचित साधनों के उपयोग पर रोक सख्ती से लगाई जाए तथा परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रयोग कड़ाई से रोका जाए। कुलपति ने संबंधित जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन का इस संबंध में सहयोग लेने की बात भी कही।
डीन, एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए.एस. मान ने कहा कि विवि प्रशासन तथा संबद्ध महाविद्यालयों के सामूहिक प्रयासों से सुचारू परीक्षा संचालन संभव होगा। कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने कहा कि परीक्षाओं का सुचारू संचालन विवि प्रशासन तथा संबद्ध महाविद्यालयों का नैतिक दायित्व है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. राहुल ऋषि ने बैठक में परीक्षा संचालन संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश साझा किए।
इस दौरान मुख्य परामर्शदाता (परीक्षा) डॉ. महावीर सिंह धनखड़, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, संचालन शाखा के प्रभारी अधीक्षक सुरेश पाल राठी, अधीक्षक बाल किशन, राजेश मल्होत्रा, कुलपति के निजी सचिव ओम प्रकाश यादव सहित संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य मौजूद रहे।

Girish Saini 

