एमडीयू- सीपीएएस में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था जायजा लेने पहुंचे कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने एमडीयू-सेंटर फॉर प्रोफेशनल एंड एलाइड स्टडीज (सीपीएएस), गुरुग्राम का आधिकारिक दौरा कर शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने एमडीयू-सीपीएएस में चल रही सेमेस्टर परीक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए दिशा-निर्देश दिए कि परीक्षा व्यवस्था का संचालन सुचारू ढंग से पूरी शुचिता के साथ किया जाए।
कुलपति ने संस्थान के पुस्तकालय का दौरा कर कार्य प्रणाली का निरीक्षण किया और पुस्तकालय प्रणाली को अधिक बेहतर बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान कुलपति ने विद्यार्थियों से संवाद किया तथा एमडीयू-सीपीएएस बारे विद्यार्थियों से फीडबैक लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर गंभीरता से अध्ययन करने का परामर्श दिया। आज के प्रतिस्पर्धी युग में ज्ञान विस्तारण तथा कौशल विकास पर विशेष फोकस करने की सलाह भी उन्होंने विद्यार्थियों को दी।
कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने इस दौरान संस्थान के शिक्षकों से भी संवाद करते हुए शैक्षणिक व्यवस्था की फीडबैक ली। उन्होंने शिक्षकों से इस संस्थान को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने के लिए यथा संभव प्रयास करने के लिए आह्वान किया।
निदेशक सीपीएएस प्रो. प्रदीप अहलावत ने कुलपति प्रो. पूनियाँ का स्वागत किया और उन्हें संस्थान में संचालित पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। कुलपति ने संस्थान परिसर की विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सीपीएएस के शिक्षक और कर्मी मौजूद रहे।

Girish Saini 

