कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल ने किया यूएचएसआर हेल्थ बुलेटिन का अनावरण

संस्थान की हर उपलब्धि होगी जनता के सामने।

कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल ने किया यूएचएसआर हेल्थ बुलेटिन का अनावरण

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल ने यूएचएसआर हेल्थ बुलेटिन का शुक्रवार को अनावरण किया। कुलपति ने बुलेटिन का विमोचन करते हुए कहा कि ये बुलेटिन विवि के कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों का पारदर्शी दर्पण बनेगा। उन्होंने कहा कि ये हेल्थ बुलेटिन संस्थान और समाज के बीच सेतु का काम करेगा। इसमें बीमारियों से बचाव के तरीकों की जानकारी ही नहीं, अपितु संस्थान में हो रहे सभी कार्यों, नई परियोजनाओं, शोध, अकादमिक गतिविधियों और चिकित्सकीय सेवाओं की पूरी जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि ये बुलेटिन जनता के विश्वास को मजबूत करेगा।

कुलपति डॉ अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का स्वस्थ हरियाणा, सक्षम हरियाणा का सपना तभी पूरा होगा, जब प्रदेश का हर नागरिक अपने सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान मे नित नई आ रही नवीनतम तकनीकों और सुविधाओं से वाकिफ होगा। उन्होंने संपादक मंडल और डीन छात्र कल्याण विभाग की टीम को बधाई देते हुए कहा कि ये बुलेटिन हर तिमाही प्रकाशित किया जाएगा और इसकी डिजिटल प्रति विवि की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी।

कुलसचिव डॉ रूप सिंह ने कहा कि इस बुलेटिन में विभागों की मासिक प्रगति रिपोर्ट, नए कोर्स, फैकल्टी की उपलब्धियां, बड़ी सफल सर्जरी और भविष्य की योजनाओं को शामिल किया जाएगा। निदेशक डॉ एस.के. सिंघल ने कहा कि ये बुलेटिन एक संस्थान गाइड की तरह काम करेगा।

ये बुलेटिन डीन छात्र कल्याण डॉ सविता सिंघल के दिशा-निर्देशन में तैयार किया गया है। बुलेटिन की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि इस बुलेटिन में कैंपस की हलचल, विभागीय डायरी, उपलब्धियों का कॉलम, नए समझौते और छात्र गतिविधियां विशेष रूप से शामिल रहेंगे। पहले अंक में जनवरी से मार्च तक की विभिन्न विभागों की उपलब्धियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशित की गई है। इस दौरान संपादकीय बोर्ड के सभी सदस्य मौजूद रहे।

यूएचएसआर हेल्थ बुलेटिन को तैयार करने के लिए विवि द्वारा एक अनुभवी संपादक मंडल का गठन किया है। इस बुलेटिन के मुख्य संरक्षक कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल होंगे। संरक्षक कुलसचिव डॉ. रूप सिंह, निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल तथा डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम.जी. वशिष्ठ होंगे। बुलेटिन की रूपरेखा और प्रकाशन का जिम्मा परामर्श संपादक डॉ. सविता रानी सिंघल (डीन छात्र कल्याण) को सौंपा गया है। संपादक की जिम्मेदारी डॉ. उर्मिल चावला (प्रोफेसर आरआईओ) तथा डॉ. रुचि सिंघल (एसोसिएट प्रोफेसर, पीडोडोंटिक्स) जिम्मेदारी निभाएंगी। सह-संपादक डॉ. मधु शर्मा (प्रोफेसर माइक्रोबायोलॉजी), डॉ. आरती (प्रोफेसर एनाटॉमी), डॉ. वरुण अरोड़ा (प्रोफेसर कम्युनिटी मेडिसिन) तथा डॉ. उमेश यादव (प्रोफेसर ऑर्थोपेडिक्स) हैं। सलाहकार मंडल में डीन पीजीआईएमएस डॉ. अशोक चौहान, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल, प्राचार्य पीजीआईडीएस डॉ. मनु राठी, वरिष्ठ प्रोफेसर एवं प्रभारी अनुसंधान डॉ. पुष्पा दहिया, परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुखदेव चांदला तथा प्रोफेसर पीडोडोंटिक्स डॉ. अरुण शामिल हैं। बुलेटिन के डिजाइन एवं ग्राफिक का कार्य जनसंपर्क कार्यालय के राजेश भड़ और संजय कुमार देखेंगे।