कुलपति डॉ एच के अग्रवाल ने किया शिशु रोग विभाग के लोगो का अनावरण
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ एच के अग्रवाल ने शुक्रवार को शिशु रोग विभाग के लोगो और उसकी स्टाम्प का अनावरण किया। शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ कुंदन मित्तल और उनकी टीम को बधाई देते हुए कुलपति डॉ एच के अग्रवाल ने कहा कि पीडियाट्रिक्स ने लोगों में एक पहचान बनाई है, जो बच्चों की ग्रोथ को रिप्रेजेंट करता है।
कुलपति ने कहा कि शिशु रोग विभाग द्वारा तैयार यह लोगो और स्टाम्प विभाग की एक अलग पहचान है और इससे विभाग की प्रतिष्ठा बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यह लोगो दर्शाता है कि शिशु रोग विभाग के चिकित्सक अपने मरीज के प्रति कितने समर्पित हैं।
कुलसचिव डॉ रूप सिंह ने इस लोगो और स्टाम्प को शिशु रोग विभाग की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। कार्यकारी निदेशक डॉ अशोक चौहान ने कहा कि संस्थान शिशु रोग विभाग के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
शिशु रोग विभागाध्यक्ष और चिकित्सा अधीक्षक डॉ कुंदन मित्तल ने कहा कि यह लोगो और स्टाम्प बनाने में विभाग के सभी चिकित्सकों और निषेचन विभाग के डॉ प्रशांत कुमार का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि शिशु रोग विभाग बच्चों के स्वास्थ्य के लिए समर्पित है और यह लोगो और स्टाम्प हमारी इस समर्पण की पहचान है। उन्होंने बताया कि इस लोगो के माध्यम से दिखाया गया है कि एक बच्चे की देखभाल किस प्रकार मां के गर्भ से ही शुरू हो जानी चाहिए और उसकी अच्छी देखभाल से एक स्वस्थ शिशु का जन्म होता है।
इस दौरान डॉ एनडी वासवानी, डॉ आलोक खन्ना, डॉ अलका यादव, डॉ कपिल भल्ला, डॉ अंजलि, डॉ वंदना, डॉ नेहा, डॉ नीरज मौजूद रहे।

Girish Saini 

