कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल ने कर्मचारियों को दिया समयबद्ध कार्य का मंत्र

विवि का औचक निरीक्षण कर लिया व्यवस्था का जायजा।

कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल ने कर्मचारियों को दिया समयबद्ध कार्य का मंत्र

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल ने शुक्रवार को विवि में स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुलसचिव डॉ रूप सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।

कुलपति डॉ अग्रवाल ने एकेडमिक ब्रांच, एफिलिएशन सेल, रिसर्च सेल, एग्जाम ब्रांच, रिक्रूटमेंट सेल, अकाउंट ब्रांच, आईटी सेल, एएनएम-जीएनएम ब्रांच, सीक्रेसी ब्रांच तथा रजिस्ट्रार कार्यालय की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागों में साफ-सफाई, फाइल मैनेजमेंट, कर्मचारियों की उपस्थिति और समयबद्ध कार्य प्रणाली का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। कुलपति ने कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी एक परिवार की तरह हैं और इस संस्थान की साख हमारे काम से ही बनती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से आईडी कार्ड पहनने, पुरानी गैर-जरूरी फाइलों को नियमानुसार नष्ट करने, कार्यालय व बाथरूम की नियमित साफ-सफाई रखने और ड्यूटी पर समय की पाबंदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों और छात्रों की जरूरतों को प्राथमिकता देने की बात कही।

कुलसचिव डॉ रूप सिंह ने भी कर्मचारियों से अपील की कि वे कुलपति के निर्देशों का पालन करते हुए टीम भावना से कार्य करें और अपने काम के प्रति सजग रहें। निरीक्षण के दौरान सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।