सुपवा के दीक्षांत समारोह व कला प्रदर्शनी अभिव्यंजना की तैयारियों को लेकर कुलपति डॉ अमित आर्य ने दिए आवश्यक दिशानिर्देश
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक के कुलपति डॉ अमित आर्य ने कहा कि दीक्षांत समारोह किसी भी विवि के लिए सबसे बड़ा उत्सव होता है। ये दिन छात्रों व गुरुजनों की मेहनत के साकार होने का सबसे बड़ा प्रमाण होता है, इसलिए 4 मई को होने वाले द्वितीय दीक्षांत समारोह में पूरा सुपवा परिवार मर्यादा का ध्यान रखते हुए समारोह को मनाए।
कुलपति बुधवार को विवि की सभी फैकल्टी के टीचिंग स्टाफ को संबोधित करते हुए दीक्षांत समारोह व कला प्रदर्शनी अभिव्यंजना की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी स्टाफ सदस्य अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इन दोनों आयोजनों को सफल बनाने में अपना योगदान दे। दीक्षांत समारोह 5 साल के अंतराल पर हो रहा है, इसलिए इसे भव्य बनाने में हर संभव कोशिश करें। कुलपति डॉ आर्य ने कहा कि दीक्षांत समारोह के पल भावुक करने के साथ ही गौरवान्वित करने वाले भी है, इसलिए अपने छात्रों को दीक्षांत समारोह के दौरान किसी तरह की परेशानी न होने दें। उन्होंने कहा कि विवि प्रबंधन की ओर से जारी होने वाली आयोजन से जुड़ी हर सूचना पर नजर रखें, स्वयं को अपडेट रखें।
कुलसचिव डॉ गुंजन मलिक मनोचा ने कहा कि सभी फैकल्टी सदस्य डिग्री लेने वाले अपने छात्रों को ड्रेस कोड से अवगत कराएं। साथ ही दीक्षांत समारोह के प्रोटोकॉल की भी जानकारी दें। डीन अकेडमिक अफेयर्स डॉ अजय कौशिक ने कहा कि दीक्षांत समारोह पूर्ण रूप से व्यवस्थित तरीके से प्लान किया गया है।
सुपवा के द्वितीय दीक्षांत समारोह के अध्यक्ष के रूप में हरियाणा के राज्यपाल एवं कुलाधिपति प्रो असीम कुमार घोष विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा मौजूद रहेंगे। इस दौरान 35 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से नवाजा जाएगा तथा 760 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।

Girish Saini 

