कुलपति डॉ. अग्रवाल ने की चौथी यूनिवर्सिटी रिसर्च कॉन्क्लेव की तैयारियों की समीक्षा

शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 17 अप्रैल को जुटेंगे देश-विदेश के विशेषज्ञ।

कुलपति डॉ. अग्रवाल ने की चौथी यूनिवर्सिटी रिसर्च कॉन्क्लेव की तैयारियों की समीक्षा

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल ने चतुर्थ यूनिवर्सिटी रिसर्च कॉन्क्लेव की तैयारियों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति ने सभी समितियों को अपने-अपने कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में संस्थान के अधिकारियों के साथ कॉन्क्लेव के आयोजन के लिए गठित विभिन्न समितियों और उप-समितियों के अध्यक्षों ने भाग लिया। कॉन्क्लेव आयोजन की जिम्मेदारी रिसर्च सेल की प्रभारी डॉ पुष्पा दहिया व डॉ सुखबीर सिंह को सौंपी गई है।

कुलपति डॉ. अग्रवाल ने निर्देश दिए कि 17 अप्रैल को आयोजित होने वाली इस कॉन्क्लेव की सभी जानकारी विवि वेबसाइट पर भी डाली जाए। उन्होंने इस यूनिवर्सिटी रिसर्च कॉन्क्लेव को एक महत्वपूर्ण आयोजन बताते हुए कहा कि इसमें यूजी व पीजी छात्रों, डीएनबी निवासियों और युवा संकाय (40 वर्ष तक) को अपने अनुसंधान पत्र प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया गया है। कुलपति ने कहा कि कॉन्क्लेव का उद्देश्य शोध और नवाचार को बढ़ावा देना है।

रिसर्च विभाग की प्रोफेसर डॉ पुष्पा दहिया ने कहा कि कॉन्क्लेव के लिए शोध पत्रों की प्रस्तुति के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। विवि के शोधकर्ताओं को अपने शोध कार्यों को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक शोध द्वारा मरीजों को नवीनतम इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस रिसर्च कॉन्क्लेव में देश विदेश से विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।

बैठक में कुलसचिव डॉ रूप सिंह, निदेशक डॉ एस.के. सिंघल, डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ एम.जी. वशिष्ठ, डीन डॉ अशोक चौहान, चिकित्सा अधीक्षक डॉ कुंदन मित्तल, डीन छात्र कल्याण डॉ सविता सिंघल, जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ वरुण अरोड़ा सहित सभी विभिन्न समितियों के सदस्य मौजूद रहे।