वीसी प्रो. सचदेवा ने किया ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पेंचक सिलाट (पुरुष) चैंपियनशिप का शुभारंभ
देशभर के 51 विवि के 350 खिलाड़ी भाग ले रहे।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के खेल परिसर स्थित डॉ. मंगल सेन मल्टीपर्पज जिम्नेजियम हॉल में सोमवार को ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पेंचक सिलाट (पुरुष) चैंपियनशिप का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि, कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत ने की। इस प्रतियोगिता में देशभर के 51 विवि के लगभग 350 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि खेल भावना के साथ ईमानदारी और अनुशासन से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों को सफलता को दिमाग पर हावी न होने देने और असफलता को दिल पर हावी न होने देने की सीख दी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए औपचारिक रूप से प्रतियोगिता के उद्घाटन की घोषणा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे खेल भावना, अनुशासन और आपसी सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए प्रतियोगिता में भाग लें। कुलपति और कुलसचिव ने प्रतिभागी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान खिलाड़ियों द्वारा पेंचक सिलाट प्रतियोगिता का आकर्षक डेमो भी प्रस्तुत किया गया। कुलपति ने टूर्नामेंट के बेस्ट प्लेयर को अपना स्मृति चिह्न देने की घोषणा भी की।
प्रारंभ में एमडीयू खेल परिषद की अध्यक्षा डॉ. राजवंती शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। खेल निदेशिका डॉ. शकुंतला बेनीवाल ने प्रतियोगिता की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। इस दौरान टूर्नामेंट के टेक्निकल डायरेक्टर इरफान खान, शिक्षा संकाय के डीन प्रो. जितेंद्र कुमार, शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. भगत सिंह राठी, पीआरओ पंकज नैन सहित खेल प्रशिक्षक, प्रतिभागी टीमों के इंचार्ज, स्टाफ सदस्य, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

Girish Saini 

