कुलपति प्रो. मिलाप पुनिया ने किया विवेकानंद लाइब्रेरी का दौरा

विद्यार्थियों से संवाद कर किया अध्ययन के लिए प्रेरित।

कुलपति प्रो. मिलाप पुनिया ने किया विवेकानंद लाइब्रेरी का दौरा

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पुनिया ने बुधवार को विवि के विवेकानंद पुस्तकालय का दौरा कर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और उन्हें अध्ययन के प्रति प्रेरित किया।

कुलपति ने छात्रों से बातचीत करते हुए कहा कि पुस्तकालय केवल किताबों का भंडार नहीं, बल्कि ज्ञान अर्जन और व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से लाइब्रेरी आने, पढ़ने की आदत विकसित करने और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अनुशासन और निरंतर अध्ययन ही सफलता की असली कुंजी है। इस दौरान कुलपति ने डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित पुस्तक प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। कुलपति ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी विद्यार्थियों को महान व्यक्तित्वों से जोड़ती हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।

कुलपति प्रो. मिलाप पुनिया ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे डॉ. आंबेडकर के जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह साधन है, जो व्यक्ति को सशक्त बनाती है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में मदद करती है।

लाइब्रेरियन डॉ. सतीश मलिक ने कुलपति को पुस्तकालय की व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों और आधुनिक सुविधाओं की जानकारी दी।