कुलपति प्रो मिलाप पुनिया ने यज्ञ, शहीदों को नमन और महापुरुषों को श्रद्धांजलि से दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश

कुलपति प्रो मिलाप पुनिया ने यज्ञ, शहीदों को नमन और महापुरुषों को श्रद्धांजलि से दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के कुलपति प्रो मिलाप पुनिया ने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हुए विद्यार्थियों और स्टाफ को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

मातू राम यज्ञशाला में हवन यज्ञ के दौरान कुलपति ने कहा कि आज के समय में निजी स्वार्थों को त्याग कर सामूहिक सोच के साथ आगे बढ़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक हम व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र के लिए काम नहीं करेंगे, तब तक वास्तविक विकास संभव नहीं है। उन्होंने स्वामी दयानंद सरस्वती के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह देवभूमि उनके आदर्शों से प्रेरित है। यहां से मानवता, सेवा और राष्ट्रभक्ति का संदेश पूरे देश में जाना चाहिए। कुलपति ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। कुलपति ने शहीदी स्मारक पहुंच कर हरियाणा के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

तत्पश्चात कुलपति ने विवि परिसर स्थित स्वामी दयानंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित कर युवाओं को उनके विचारों पर चलने का संदेश दिया।