ग्रामीण विकास को नई दिशा देने में वीबीजी राम जी की अहम भूमिकाः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान
झज्जर में जिला स्तरीय पंच सम्मेलन आयोजित।
झज्जर, गिरीश सैनी। पंचायत प्रतिनिधि जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि प्रत्येक गांव विकास और सुशासन का आदर्श बन सके। ये विचार हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने नेहरू कॉलेज, झज्जर में आयोजित विकसित भारत जी राम जी अधिनियम-2025 के अंतर्गत जिला स्तरीय पंच सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। सम्मेलन में जिले के सरपंच, पंच, पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब गांव आत्मनिर्भर, सशक्त और विकास की मुख्यधारा से जुड़े होंगे। उन्होंने कहा कि वीबीजी राम जी अधिनियम-2025 ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है, जिसके माध्यम से रोजगार, पारदर्शिता और स्थायी विकास कार्यों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से जनभागीदारी के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का मार्ग गांवों से होकर गुजरता है और जब पंचायतें सशक्त, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनेंगी, तभी आत्मनिर्भर गांवों का निर्माण संभव होगा। डॉ. चौहान ने बताया कि पहले मनरेगा के अंतर्गत 100 दिनों के रोजगार की गारंटी थी, जिसे बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। इसके साथ ही मजदूरी का भुगतान साप्ताहिक अथवा अधिकतम 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने का प्रावधान किया गया है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी डॉ. राजश्री सिंह ने कहा कि सशक्त पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव हैं। जिला परिषद झज्जर के चेयरपर्सन कप्तान बिरधाना ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि पंचायतों की सक्रिय भागीदारी से ग्रामीण विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा और गांवों का समग्र विकास संभव होगा।
कार्यक्रम समन्वयक कमलदीप सांगवान ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को विकसित भारत–वीबीजी राम जी अधिनियम-2025 के प्रावधानों, पंचायतों की जिम्मेदारियों तथा ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी संचालन की व्यवहारिक जानकारी प्रदान करना है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) झज्जर मनीष फोगाट तथा उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी निशा तंवर ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को नवीन कानूनों एवं विकास योजनाओं की समुचित जानकारी देकर उन्हें अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। इस दौरान सुमित बेनीवाल (बीडीपीओ बादली), बीडीपीओ झज्जर, बीडीपीओ साल्हावास, ब्लॉक समिति चेयरपर्सन साल्हावास, डॉ. नीलम छिकारा (प्लानिंग एंड मैनेजमेंट डेवलपमेंट एक्सपर्ट, एसपीआरसी) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Girish Saini 

