वीबी-जी राम जी योजना से ग्रामीण विकास को मिलेगी गतिः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान
375 अनुमेय विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर, चार जिलों के अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण
नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी में वीबी-जी राम जी योजना के तहत अनुमेय विकास कार्यों पर आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसमें चार जिलों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
समापन अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं की सफलता बेहतर कार्ययोजना, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप क्रियान्वयन पर निर्भर करती है। योजना के तहत अनुमेय 375 विकास कार्य ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार कार्यों को प्राथमिकता देने तथा गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
ग्रामीण विकास विभाग के प्रोजेक्ट ऑफिसर हरिचंद गुप्ता ने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तकनीकी जानकारी और विभागीय समन्वय जरूरी है।
कार्यक्रम समन्वयक कमलदीप सांगवान ने बताया कि प्रशिक्षण में अनुमेय कार्यों की पहचान, कार्ययोजना तैयार करने और क्रियान्वयन संबंधी पहलुओं की जानकारी दी गई। इस दौरान अतिरिक्त खंड कार्यक्रम अधिकारी संदीप कुमार व दिनेश, कनिष्ठ अभियंता कृष्ण भगवान, नवीन व विजय सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Girish Saini

