कारगिल विजय दिवस पर हिंदू कॉलेज में विविध गतिविधियां आयोजित

कारगिल विजय दिवस पर हिंदू कॉलेज में विविध गतिविधियां आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में लाल नाथ हिंदू कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा भाषण प्रतियोगिता, देशभक्ति गीत कार्यक्रम एवं वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस हमारे वीर सैनिकों के अदम्य साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अनुशासन, सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश अपनाने का आह्वान किया।

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. रजनी कुमारी एवं डॉ. प्रवीण शर्मा ने बताया कि संजय, हिमांशु व सपना ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। भाषण प्रतियोगिता में गगन, निकिता व मनीषा ने कारगिल विजय दिवस के महत्व, भारतीय सैनिकों के शौर्य, बलिदान तथा राष्ट्रीय एकता पर विचार रखे। एनएसएस स्वयंसेवकों एवं शिक्षकों ने वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान डॉ. रश्मि छाबड़ा, डॉ. शिखा, डॉ. ज्योति, डॉ. पूजा चावला सहित एनएसएस वालंटियर्स मौजूद रहे।